Monsoon Plant Care Hindi

बारिश में पौधों को मरने से कैसे बचाएँ? 7 आसान उपाय

क्या आपके पौधे भी बारिश शुरू होते ही पीले पड़ने लगे हैं, उनकी पत्तियाँ झड़ने लगी हैं या वे धीरे-धीरे मर रहे हैं? अक्सर ऐसा हमारी ही छोटी-छोटी गलतियों की वजह से होता है। अगर समय रहते इन गलतियों को सुधार लिया जाए और बारिश में पौधों की देखभाल सही तरीके से की जाए, तो पूरे बरसात के मौसम में भी पौधों को स्वस्थ और हरा-भरा रखा जा सकता है।

ज़्यादातर लोगों को लगता है कि बारिश का पानी पौधों के लिए हमेशा फायदेमंद होता है, लेकिन ऐसा हमेशा नहीं होता। लगातार बारिश, गमले में पानी का जमा होना, जड़ों का सड़ना और फफूंदी जैसी समस्याएँ पौधों को धीरे-धीरे कमजोर कर देती हैं।

इस लेख में हम जानेंगे कि बारिश में पौधे क्यों मरते हैं, उनकी सही देखभाल कैसे करें और 7 ऐसे आसान उपाय कौन-से हैं, जिन्हें अपनाकर आप अपने गमलों और बगीचे के पौधों को पूरे बरसात के मौसम में स्वस्थ और सुंदर रख सकते हैं।

बारिश में पौधे क्यों मरते हैं?

बहुत से लोगों को लगता है कि बारिश में पौधों के खराब होने की सबसे बड़ी वजह ज़रूरत से ज़्यादा पानी (Overwatering) देना है। लेकिन वास्तव में बरसात के मौसम में सबसे बड़ी समस्या गमले में पानी का जमा होना है। जब अतिरिक्त पानी गमले से बाहर नहीं निकल पाता, तो मिट्टी लंबे समय तक गीली रहती है और पौधों की जड़ों तक पर्याप्त हवा नहीं पहुँच पाती।

ऐसी स्थिति में एक के बाद एक कई समस्याएँ शुरू हो जाती हैं। सबसे पहले जड़ों में सड़न (Root Rot) होने लगती है। इसके बाद फफूंदी और अन्य रोग तेजी से फैलने लगते हैं। लगातार नमी रहने के कारण कई पौधे कमजोर पड़ जाते हैं, जबकि Succulent जैसे पौधे गल भी सकते हैं। इसके अलावा लगातार बारिश से मिट्टी में मौजूद कई आवश्यक पोषक तत्व भी बह जाते हैं, जिससे पौधों की वृद्धि प्रभावित होने लगती है।

यही कारण है कि बरसात के मौसम में केवल पानी देना ही पर्याप्त नहीं होता, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी ज़रूरी होता है कि गमले से अतिरिक्त पानी आसानी से बाहर निकल सके। यदि इस छोटी-सी बात का ध्यान रखा जाए, तो बारिश के मौसम में होने वाली कई समस्याओं से पौधों को बचाया जा सकता है।

अब जब आप जान चुके हैं कि बरसात के मौसम में पौधे किन कारणों से खराब होते हैं, तो आइए उन 7 आसान उपायों के बारे में जानते हैं जिन्हें अपनाकर आप अपने गमलों और बगीचे के पौधों को पूरे बरसात के मौसम में स्वस्थ और हरा-भरा रख सकते हैं।

1. गमले में पानी रुकने न दें

दोस्तों, हमारे पौधों का सबसे बड़ा दुश्मन हमेशा बारिश नहीं होती, बल्कि कई बार गमले में जमा हुआ पानी होता है। इसकी वजह से पौधों की जड़ें सड़ने लगती हैं, Succulent पौधे गल सकते हैं और पौधों में कई तरह की फफूंद जनित रोग ( Fungal Disease) होने लगती हैं, जिससे धीरे-धीरे हमारा अच्छा-खासा स्वस्थ पौधा भी खराब होकर मर सकता है।

इसलिए बारिश के मौसम में यह सुनिश्चित करें कि आपके गमलों में पानी जमा न हो। सबसे पहले गमले के drainage hole को जरूर चेक करें। अगर जड़ों के कारण drainage hole जाम हो गया है और पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है, तो पौधे को सावधानीपूर्वक दूसरे गमले में शिफ्ट कर दें।

इसके अलावा, अगर किसी पौधे पर लगातार बारिश का पानी गिर रहा है, तो उसकी location बदलकर उसे ऐसी जगह रखें जहाँ उसे बारिश से थोड़ी सुरक्षा मिल सके। और अगर किसी गमले में पानी जमा हो गया है, तो उसे तुरंत खाली कर दें। बारिश में पौधों की देखभाल का सबसे जरूरी हिस्सा यह है कि गमलों में बारिश का पानी लंबे समय तक जमा न रहने दें।

2. बारिश में पौधों को कब और कितना पानी देना चाहिए?

गर्मी के मौसम में हम अपने पौधों को रोजाना पानी देते हैं। कभी-कभी तो तेज गर्मी के कारण हमें दिन में दो बार तक भी पानी देना पड़ सकता है। लेकिन बरसात के मौसम में हमारी यही आदत पौधों के लिए नुकसानदायक हो सकती है।

गमले की मिट्टी की नमी जाँचते हुए

बरसात के मौसम में अक्सर गमले की मिट्टी पहले से ही पर्याप्त गीली रहती है। ऐसे में पौधों को पानी देने से पहले गमले की मिट्टी की नमी जरूर जाँच लें। इसके लिए आप अपनी उंगली से मिट्टी को हल्का-सा दबाकर देख सकते हैं। अगर मिट्टी अभी भी नम है, तो पानी देने की जरूरत नहीं है। वहीं, अगर मिट्टी की ऊपरी परत सूख गई है और नीचे की मिट्टी में भी पर्याप्त नमी नहीं है, तभी पौधे को पानी दें।

इसलिए बरसात में पौधों को पानी देने का सबसे अच्छा तरीका यही है कि किसी तय समय या रोजाना पानी देने की आदत के बजाय, पहले मिट्टी की नमी को देखकर ही पानी दें। इससे पौधों को जरूरत से ज्यादा पानी मिलने से बचाया जा सकता है और जड़ों को भी स्वस्थ रखा जा सकता है।

3. फफूंदी और Root Rot से पौधों को कैसे बचाएँ?

दोस्तों, अगर आप ऊपर बताए गए दोनों उपायों को ध्यान में रखते हैं, तो आप अपने पौधों को फफूंदी और Root Rot जैसी समस्याओं से काफी हद तक बचा सकते हैं। इसके अलावा, गमले और उसके आसपास की जगह को साफ रखना भी बहुत जरूरी है। गमले में गिरे हुए सूखे पत्तों और टहनियों को समय-समय पर निकालते रहें, क्योंकि लगातार नमी के कारण ये सड़ने लगते हैं और फफूंदी के लिए अनुकूल वातावरण बना सकते हैं।

बरसात के मौसम में कोशिश करें कि आपके पौधों को पर्याप्त रोशनी और हवा मिलती रहे। अगर बारिश के कारण पौधों के आसपास लगातार नमी बनी रहती है, तो उन्हें ऐसी जगह रखें जहाँ उन्हें बारिश से थोड़ी सुरक्षा के साथ पर्याप्त रोशनी भी मिल सके।

अगर आप बरसात के मौसम में पौधों की कटाई-छंटाई करते हैं, तो कटी हुई शाखाओं पर किसी उपयुक्त Fungicide का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे कटे हुए हिस्से में Fungal Diseases का खतरा कम करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, बिना जरूरत किसी भी स्वस्थ पौधे पर बार-बार Fungicide का छिड़काव करने के बजाय, पौधे की स्थिति और मौसम को देखकर ही इसका इस्तेमाल करना बेहतर है।

इस तरह गमले में पानी जमा न होने देना, जरूरत के अनुसार ही पानी देना, पौधों को साफ और हवादार स्थान पर रखना तथा पर्याप्त रोशनी देना—इन सभी बातों का ध्यान रखकर आप बरसात के मौसम में फफूंदी और Root Rot की समस्या को काफी हद तक नियंत्रित कर सकते हैं।

4. बारिश में पौधों की देखभाल: कौन-सी खाद दें?

गर्मी की भयंकर मार के कारण हमारे कई पौधे कमजोर पड़ जाते हैं और उनकी growth भी रुक जाती है। लेकिन बरसात का मौसम आते ही जैसे ही पौधों को पर्याप्त नमी और अनुकूल वातावरण मिलता है, उनमें तेजी से नई पत्तियाँ और शाखाएँ निकलने लगती हैं। ऐसे समय में पौधों को स्वस्थ growth के लिए पर्याप्त पोषक तत्वों की भी जरूरत होती है।

हालांकि, बरसात के मौसम में पौधों को खाद देते समय कुछ बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। लगातार बारिश के दौरान पौधों में किसी भी तरह की खाद डालने से बचें। जब बारिश थोड़ी रुक जाए और मौसम खुला हो, तभी गमले की मिट्टी को हल्के हाथों से गुड़ाई करके खाद दें। ध्यान रखें कि मिट्टी बहुत ज्यादा गीली या पानी से भरी हुई न हो।

लगातार बारिश के कारण गमले की मिट्टी से कुछ पोषक तत्व पानी के साथ बह सकते हैं, इसलिए बरसात में पौधों को समय-समय पर पोषण की जरूरत पड़ सकती है। इस मौसम में तेज असर करने वाली रासायनिक खाद का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल करने के बजाय धीरे-धीरे पोषक तत्व छोड़ने वाली जैविक खाद का इस्तेमाल करना बेहतर रहता है। आप पौधों की जरूरत के अनुसार अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद, वर्मीकम्पोस्ट या नीम की खली का इस्तेमाल कर सकते हैं।

इस तरह बरसात के मौसम में सही समय पर और सही मात्रा में खाद देने से पौधों को पर्याप्त पोषण मिलता है और वे तेजी से होने वाली नई growth को स्वस्थ तरीके से बनाए रख पाते हैं।

5. बरसात में नया पौधा लगाते समय किन बातों का ध्यान रखें?

बरसात में चारों तरफ हरियाली ही हरियाली बिखर जाती है। ऐसे में हमारे अंदर का बागवान (Gardener) भी जाग उठता है और हम अपने बगीचे को तरह-तरह के पौधों से भर देना चाहते हैं। लेकिन कुछ छोटी-छोटी गलतियों के कारण कई बार हमें निराशा हाथ लगती है। गर्मी की अपेक्षा बरसात में पौधे लगाना थोड़ा आसान जरूर हो जाता है, लेकिन फिर भी नया पौधा लगाते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बहुत आवश्यक है।

जब भी आप अपने बगीचे के लिए नए पौधे खरीदें, हमेशा स्वस्थ पौधों का चुनाव करें। पौधे की पत्तियों पर किसी भी तरह के कीट या फफूंद जनित रोग (Fungal Disease) के लक्षण नहीं होने चाहिए और उसकी जड़ें भी अच्छी तरह विकसित होनी चाहिए। कमजोर या रोगग्रस्त पौधे को लगाने से बचें, क्योंकि बरसात के मौसम में लगातार नमी के कारण पौधे की बीमारी और ज्यादा बढ़ सकती है।

पौधे को लगाने के लिए सही गमले का चुनाव करना भी बहुत जरूरी है। गमला इतना बड़ा होना चाहिए कि पौधे की जड़ों को पर्याप्त जगह मिल सके और उसमें पानी की निकासी के लिए पर्याप्त Drainage Holes जरूर हों। केवल गमले के प्रकार से ज्यादा महत्वपूर्ण उसकी जल निकासी है, इसलिए मिट्टी, सीमेंट या प्लास्टिक—किसी भी गमले का इस्तेमाल करें, लेकिन उसमें पानी रुकना नहीं चाहिए।

पौधे को हमेशा ऐसी मिट्टी में लगाएँ जिसमें पानी आसानी से बाहर निकल सके। इससे बरसात के दौरान गमले में पानी लंबे समय तक जमा नहीं रहेगा। अधिकतर सामान्य पौधों के लिए लगभग 50% बगीचे की मिट्टी, 30% अच्छी तरह सड़ी हुई जैविक खाद और 20% मोटी रेत का मिश्रण इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, पौधे की जरूरत के अनुसार इस मिश्रण में बदलाव करना बेहतर होता है, क्योंकि Succulent और अन्य कम पानी पसंद करने वाले पौधों के लिए अधिक जल निकासी वाली मिट्टी की जरूरत होती है।

पौधे को गमले में लगाने के बाद तुरंत तेज धूप या लगातार हो रही बारिश में रखने से बचें। कुछ दिनों के लिए उसे ऐसी जगह रखें जहाँ उसे पर्याप्त रोशनी और हवा मिलती रहे, लेकिन तेज बारिश और दोपहर की सीधी धूप से थोड़ी सुरक्षा मिले। इससे पौधे को नए वातावरण में ढलने और Transplant Shock से उबरने में मदद मिलेगी।

बरसात के मौसम में कई बार तेज़ हवाएँ चलती हैं और भारी बारिश होती है। ऐसे में लंबे, बड़े या कमजोर पौधों की शाखाएँ टूटने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए ऐसे पौधों को किसी मजबूत लकड़ी या स्टिक का सहारा देकर बाँध दें, ताकि तेज़ हवा में पौधा झुककर या टूटकर खराब न हो। वहीं, छोटे और नाजुक पौधों को ऐसी सुरक्षित जगह पर रखें, जहाँ उन्हें पर्याप्त रोशनी और हवा तो मिलती रहे, लेकिन उन पर सीधे तेज़ बारिश और हवा का असर न पड़े। इससे पौधों को टूटने और नुकसान होने से बचाया जा सकता है।

नया पौधा लगाने के तुरंत बाद जरूरत से ज्यादा पानी या खाद देने की गलती भी न करें। बरसात के मौसम में मिट्टी पहले से ही नम हो सकती है, इसलिए पौधे को पानी देने से पहले मिट्टी की नमी जरूर जाँच लें। इसी तरह, पौधे को नई जगह पर लगाने के तुरंत बाद भारी मात्रा में खाद देने के बजाय कुछ समय उसके नए वातावरण में स्थापित होने का इंतजार करें।

इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप बरसात के मौसम में नए पौधों को आसानी से अपने बगीचे का हिस्सा बना सकते हैं और उन्हें स्वस्थ तरीके से बढ़ने में मदद कर सकते हैं।

6. बारिश में पत्तियाँ पीली पड़ने पर क्या करें?

हमारे पौधों पर पड़ने वाले किसी भी तरह के तनाव या समस्या का असर सबसे पहले उनकी पत्तियों पर ही दिखाई देता है। बरसात के मौसम में पौधों की पत्तियों का पीला पड़ना एक आम समस्या है। ऐसे में घबराने के बजाय पत्तियों के पीले पड़ने का सही कारण पता लगाएँ और उसके अनुसार उपाय करें। इससे आप समय रहते अपने पौधे को खराब होने से बचा सकते हैं।

बरसात के मौसम में गमले में लंबे समय तक पानी जमा रहने से पौधों की जड़ों को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाती। ऐसी स्थिति में जड़ें ठीक से काम नहीं कर पातीं और धीरे-धीरे पौधों की पत्तियाँ पीली पड़ने लगती हैं। इसके अलावा, मिट्टी में पोषक तत्वों की कमी, फफूंद जनित रोग (Fungal Disease) और पर्याप्त रोशनी न मिलना भी पत्तियों के पीले पड़ने का कारण हो सकता है।

इसलिए सबसे पहले अपने गमले में पानी जमा न होने दें। अगर किसी गमले में बारिश का पानी इकट्ठा हो जाए, तो गमले को सावधानी से थोड़ा तिरछा करके अतिरिक्त पानी तुरंत बाहर निकाल दें और उसे ऐसी जगह रखें जहाँ लगातार बारिश का पानी सीधे न गिरता हो।

इसके साथ ही, बरसात के मौसम में पौधों को पर्याप्त रोशनी और हवा मिलती रहे, इसका भी ध्यान रखें। जब गमले की मिट्टी जरूरत के अनुसार सूख जाए, तब उसकी ऊपरी परत की हल्की गुड़ाई कर सकते हैं। इससे मिट्टी की ऊपरी सतह ढीली रहती है और जड़ों तक हवा पहुँचने में मदद मिलती है।

हालांकि, अगर पानी की निकासी सही होने के बावजूद पत्तियाँ लगातार पीली हो रही हैं, तो पौधे की मिट्टी, जड़ों, पोषक तत्वों और फफूंद जनित रोग (Fungal Disease) की भी जाँच करें। क्योंकि पत्तियों का पीला पड़ना केवल एक ही कारण से नहीं होता और सही कारण पहचानकर ही पौधे का सही इलाज किया जा सकता है।

7. बरसात में Succulent और Cactus पौधों की देखभाल कैसे करें?

बरसात के मौसम में अपने Succulent या Cactus पौधों को सुरक्षित रखना कई बार बहुत बड़ा सिरदर्द बन जाता है। क्योंकि एक बार ये पौधे गलना शुरू हो जाएँ, तो इन्हें बचाना थोड़ा मुश्किल हो सकता है। इसलिए कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखकर हम अपने Succulent और Cactus पौधों को बरसात के मौसम में भी सुरक्षित रख सकते हैं।

इस तरह के पौधे पानी की कमी के से नहीं बल्कि जरूरत से ज्यादा पानी की वजह से ज्यादा खराब होते हैं। Succulent पौधे अपनी पत्तियों और तनों में पानी को जमा करके रखते हैं और जरूरत पड़ने पर इसी पानी का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन जब बरसात के मौसम में इनके गमले की मिट्टी लंबे समय तक गीली रहती है और जड़ों के आसपास पानी जमा होने लगता है, तो इनकी जड़ें सड़ने लगती हैं। धीरे-धीरे यह सड़न पौधे के तने और अन्य हिस्सों तक पहुँच सकती है, जिससे पूरा पौधा गलने लगता है।

इसलिए Succulent और Cactus पौधों के लिए हमेशा ऐसी मिट्टी का इस्तेमाल करें जिसमें पानी बिल्कुल भी लंबे समय तक जमा न रहे। आप एक सामान्य potting mix के लिए लगभग 40% बगीचे की मिट्टी, 30% मोटी रेत और 30% परलाइट, प्यूमिस या छोटे पत्थरों जैसे जल निकासी वाले पदार्थों का इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, अलग-अलग Succulent और Cactus की जरूरत के अनुसार इस मिश्रण में बदलाव किया जा सकता है। सबसे जरूरी बात यह है कि गमले में पर्याप्त Drainage Hole हों और अतिरिक्त पानी आसानी से बाहर निकल सके।

बरसात के मौसम में अपने Succulent पौधों को ऐसी जगह रखें जहाँ उन्हें पर्याप्त रोशनी और हवा मिलती रहे, लेकिन लगातार बारिश का पानी सीधे उन पर न गिरे। अगर पौधों को ऐसी जगह रखना संभव नहीं है, तो उन्हें बारिश से बचाने के लिए किसी छायादार या covered जगह पर रखा जा सकता है, जहाँ उन्हें पर्याप्त indirect light मिलती रहे।

अगर कोई Succulent पौधा गलना शुरू हो जाए, तो उसे समय रहते दूसरे गमले में निकालकर उसकी जड़ों की जाँच करें और सड़ी हुई जड़ों या पौधे के खराब हिस्सों को साफ करके उसे नई और सूखी, अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी में लगाएँ। पौधे को दोबारा लगाने के बाद तुरंत पानी देने से बचें और उसे ऐसी जगह रखें जहाँ हवा का अच्छा आवागमन हो।

अगर पौधे की जड़ें पूरी तरह सड़ चुकी हों और उसे बचाना मुश्किल लग रहा हो, तो घबराएँ नहीं। अगर पौधे के कुछ हिस्से अभी भी स्वस्थ हैं, तो उनसे कटिंग लेकर नए पौधे तैयार किए जा सकते हैं। इस तरह आप अपने पुराने पौधे की स्वस्थ शाखाओं से एक नया पौधा तैयार करके उसकी प्रजाति को बचा सकते हैं।

इसलिए बरसात में Succulent और Cactus पौधों की देखभाल का सबसे जरूरी नियम है—उन्हें जरूरत से ज्यादा पानी और लगातार नमी से बचाएँ, अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी का इस्तेमाल करें और उन्हें पर्याप्त रोशनी तथा हवा देते रहें।

निष्कर्ष 

बरसात के मौसम में हमें अपने पौधों की थोड़ी अतिरिक्त देखभाल जरूर करनी पड़ती है, लेकिन यह मौसम हमारे पौधों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इस मौसम में पौधों पर नई पत्तियाँ और शाखाएँ तेजी से निकलने लगती हैं और देखते ही देखते पूरा बगीचा हरियाली से भर जाता है।

अगर हम बारिश में पौधों की देखभाल करते हुए अपने गमलों में बारिश का अतिरिक्त पानी जमा न होने दें और पौधों को पर्याप्त रोशनी और हवा मिलती रहे, तो बरसात में होने वाली फफूंदी और दूसरी कई समस्याओं से पौधों को काफी हद तक बचाया जा सकता है। सबसे जरूरी बात यह है कि हम अपने पौधों पर नियमित रूप से ध्यान देते रहें। क्योंकि पौधों में होने वाली किसी भी समस्या को अगर समय रहते पहचान लिया जाए, तो उसे ठीक करना काफी आसान हो जाता है।

मेरा मानना है कि अगर हम नियमित रूप से अपने पौधों के पास थोड़ा समय बिताएँ और उनकी जरूरतों को समझने की कोशिश करें, तो हमारे पौधे भी स्वस्थ और खुश रहते हैं और हमें भी उन्हें बढ़ते हुए देखकर उतनी ही खुशी मिलती है।

उम्मीद है कि बारिश में पौधों की देखभाल से जुड़े ये आसान उपाय आपके लिए उपयोगी साबित होंगे। अगर आपके पास भी बरसात में पौधों की देखभाल से जुड़ा कोई अनुभव या कोई ऐसा उपाय है, जो आपके पौधों के लिए हमेशा काम करता है, तो नीचे Comment में हमारे साथ जरूर साझा करें। हो सकता है आपका अनुभव किसी दूसरे Plant Lover के भी बहुत काम आ जाए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *