गुलाब को फूलों का राजा कहा जाता है, और हर गार्डनर की यह ख्वाहिश होती है कि उसकी बालकनी या बगीचा सुंदर गुलाब के फूलों से महकता रहे। लेकिन अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि नर्सरी से लाने के कुछ समय बाद गुलाब के पौधे में फूल आने बंद हो जाते हैं या फिर पौधा सूखने लगता है।अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो चिंता न करें। असल में, गुलाब से लगातार फूल पाने के लिए गुलाब के पौधे की देखभाल सही तरीके से करना और उसे सही पोषण देना बेहद ज़रूरी है। आज के इस लेख में हम आपको 7 ऐसे आसान और असरदार गार्डनिंग टिप्स बताएंगे, जिन्हें अपनाकर आपके गुलाब के पौधे में पूरे साल ढेरों बड़े और खूबसूरत फूल आएंगे।
1. गुलाब के लिए सबसे बेस्ट मिट्टी (Best Potting Mix)
गुलाब के पौधे से ढेर सारे फूल पाने के लिए सबसे पहली और ज़रूरी चीज़ है सही मिट्टी तैयार करना, क्योंकि मिट्टी ही वह चीज है जिससे पौधे को पूरे जीवन आवश्यक पोषक तत्व मिलते हैं। गुलाब को ऐसी मिट्टी पसंद होती है जो उपजाऊ हो और जिसमें पानी जमा न हो। इसके लिए आप 40% सामान्य बगीचे की मिट्टी, 30% गोबर की खाद या वर्मीकम्पोस्ट, 20% रेत (नदी की बालू) और 10% नीम खली का मिश्रण तैयार करें। इसके साथ ही, मिट्टी में 1 से 2 चम्मच बोन मील (Bone Meal) ज़रूर मिलाएं। बोन मील में प्रचुर मात्रा में फास्फोरस होता है पौधे में नई और मजबूत जड़ों के विकास में मदद करता है, जिससे पौधे मिट्टी से पानी और जरूरी पोषक तत्व आसानी से सोख पाते हैं, जो गुलाब के फूलों का साइज बड़ा करने में सबसे ज्यादा मदद करता है।
2. गुलाब के लिए सही गमले का चुनाव (Right Pot Size & Type)
गुलाब के पौधे की जड़ें नीचे की तरफ गहराई में फैलती हैं, इसे अच्छी ग्रोथ के लिए पर्याप्त जगह की जरूरत होती है, इसलिए इसे कभी भी बहुत छोटे गमले में नहीं लगाना चाहिए। क्योंकि गुलाब एक स्थायी पौधा है, इसलिए अगर आप चाहते हैं कि आपका पौधा सालों-साल स्वस्थ रहे और उसमें बड़े आकार के फूल आएं, तो इसके लिए कम से कम 12 से 14 इंच का गमला सबसे अच्छा रहता है। गमला चुनते समय इस बात का विशेष ध्यान रखें कि उसके नीचे पानी निकलने के लिए एक अच्छा छेद (Drainage Hole) होना ज़रूरी है। इसके साथ ही, प्लास्टिक के गमलों के बजाय मिट्टी या सीमेंट के गमले गुलाब के लिए सबसे अच्छे माने जाते हैं, क्योंकि इनमें पौधे की जड़ों को आसानी से ऑक्सीजन मिलती रहती है, और अतिरिक्त पानी गमले की दीवारों से बाहर निकल जाता है। आनलाइन या बाजार में मिट्टी के गमले काफी अधिक दामों में बिकते हैं, इसलिए आप अपने यहां के कुम्हार से अपनी जरूरत के हिसाब से, कम कीमत में गमले ले सकते हैं।
3. गुलाब के पौधे के लिए धूप की ज़रूरत (Sunlight Requirements)
गुलाब एक ऐसा पौधा है जिसे भरपूर धूप (Sunlight) की बहुत ज़्यादा आवश्यकता होती है। अगर आप इसे अपने घर की किसी छायादार जगह या बंद बालकनी में रख देंगे, तो पौधे में केवल हरी पत्तियां ही आएंगी, कलियाँ बिल्कुल नहीं बनेंगी या बहुत कम बनेंगी।
मौसम के हिसाब से रखें ध्यान
सर्दियों और वसंत ऋतु में ( Winter And Spring Season ):
Winter और Spring Season में अपने गुलाब के गमले को हमेशा घर की ऐसी जगह पर रखें जहाँ रोज़ाना कम से कम 5 से 6 घंटे की सीधी और तेज़ धूप आती हो। जितनी अच्छी और सीधी धूप पौधे को मिलेगी, उसकी टहनियाँ और शाखाएं उतनी ही मजबूत होंगी और फूलों का रंग भी उतना ही चटख (Vibrant) होगा।
गर्मियों के दिनों में ( Summer Season) :
जहां सर्दियों और वसंत ऋतु में गुलाब को सीधी धूप की जरूरत होती है, वहीं गर्मियों की तेज धूप से गुलाब के पौधे को बचाना जरूरी होता है, नहीं तो पत्तियां जलने लगती हैं और पौधा झुलस जाता है। इसलिए गुलाब के पौधे को दोपहर के समय ग्रीन शेड नेट (green shade net) के नीचे, या ऐसी जगह रखें जहां पौधे पर सीधी धूप न पड़े।
4. गुलाब में पानी देने (Watering) का सही तरीका
गुलाब को नमी पसंद है, लेकिन गमले में पानी जमा रहने (Waterlogging) से इसकी जड़ें सड़ सकती है। जड़ों में फंगस लगने से डाइबैक जैसी गम्भीर बीमारी लग सकती है। इसलिए पानी हमेशा सोच – समझकर कर देना चाहिए, और गमले की जल निकासी (Drainage Hole) को रखना चाहिए।
मिट्टी की जांच (Finger Test):
गमले में पानी तभी डालें जब ऊपर की 1 से 2 इंच की मिट्टी पूरी तरह सूखी हुई महसूस हो। मिट्टी में उंगली डालकर इसे आसानी से चेक किया जा सकता है। अगर मिट्टी गीली लगे तो बिल्कुल पानी नहीं देना चाहिए, लेकिन अगर 1 से 2 इंच तक मिट्टी सूखी हो, तो तुरन्त पानी दें देना चाहिए।
मौसम के हिसाब से पानी का नियम:
सर्दियों के मौसम में लम्बे समय तक मिट्टी में नमी बनी रहती है, मिट्टी जल्दी नहीं सूखती, इसलिए हफ़्ते में सिर्फ 2 से 3 बार पानी देना ही काफी होता है। जब मिट्टी की ऊपरी परत सूखी दिखाई दे तभी पानी दें।
गर्मियों में तेज धूप के कारण मिट्टी जल्दी सूखती है, इसलिए रोज़ाना सुबह या शाम के समय भरपूर पानी दें। दोपहर के समय पानी देने से बचें। गमले की मिट्टी को लम्बे समय तक सूखा न रहने दें, नहीं तो पौधे की पत्तियां जल सकती है, पौधा सूख सकता है।
5. गुलाब के लिए सबसे बेस्ट खाद (Best Fertilizers)
गुलाब एक ‘हैवी फीडर’ (Heavy Feeder) पौधा है, यानी इसे सुंदर और बड़े फूल के लिए भरपूर पोषण की ज़रूरत होती है। हर 15 से 20 दिनों में नीचे दी गई खादों में से कोई एक जरूर बदल-बदल कर दें:
जैविक खाद (Organic Fertilizer):
गोबर की खाद (Cow Dung) या वर्मीकंपोस्ट:
गमले की मिट्टी की अच्छी तरह गुड़ाई करके 2 मुट्ठी के करीब अच्छी तरह बड़ी हुई गोबर की खाद या वर्मीकम्पोस्ट को अच्छे से मिला दें। यह पौधे के संपूर्ण विकास के लिए सबसे बेस्ट है।
सरसों की खली (Mustard Cake Liquid):
सरसों की शुद्ध खली को 3-4 दिन पानी में भिगोकर रखें, फिर उस पानी को और पतला करके पौधों में डालें। इससे कलियाँ बहुत तेज़ी से बनती हैं, और फूलों पर चमक आती है। सरसों की शुद्ध खली आपको अपने स्थानीय बाजार में, पशु आहार की दुकानों पर या तेल निकालने वाली चक्की पर आसानी से मिल जायेगा।
रासायनिक खाद (Chemical Fertilizer – ज़्यादा फूलों के लिए):
Epsom Salt (मैग्नीशियम सल्फेट):
1 चम्मच एप्सम साल्ट को 1 लीटर पानी में घोलकर पत्तियों पर स्प्रे करें। इसमें मौजूद मैग्नीशियम क्लोरोफिल निर्माण को तेज करता है, जिससे पीली पड़ी पत्तियां फिर से हरी और चमकदार हो जाती हैं। यह गुलाब के पौधे में नई कलियां बनाने और फूलों का आकार बड़ा करने में मदद करता है। नर्सरी से लाए नए पौधों को गमले में लगाते समय यह पौधे के शुरुआती तनाव (shock) को कम करता है। पौधों की जड़ों में एप्सम साल्ट का इस्तेमाल करते समय मात्रा का विशेष ध्यान रखें। 8 से 10 इंच के गमले में सिर्फ आधा चम्मच एप्सम साल्ट पानी में मिलाकर दें। जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल से पौधों को नुकसान हो सकता है। इसका इस्तेमाल हमेशा सुबह या शाम के समय करें जब तेज धूप न हो।
DAP के दाने (Diammonium Phosphate):
गमले में लगे गुलाब के पौधे में डीएपी (DAP) खाद देने के लिए, पौधे के तने से 2-3 इंच दूर किनारों पर मिट्टी की हल्की गुड़ाई करके छोटे गमले में 4-5 दाने और बड़े गमले में 7-8 दाने गमले के किनारों पर मिट्टी में दबा दें और ऊपर से पानी दें।। इससे जड़ें बहुत मजबूत होती हैं। डीएपी का इस्तेमाल हमेशा शाम के समय करे जब धूप न हो, जिससे पौधे रात इसे अच्छी तरह सोख सकें।
यह एक रासायनिक खाद है, ज्यादा मात्रा में इस्तेमाल करने से पौधे की जड़ें जल सकती है और पौधा सूख सकता है। गर्मियों के मौसम में गुलाब के पौधे में रासायनिक खाद के प्रयोग से बचना चाहिए।
6. गुलाब की छंटाई (Pruning) का सही तरीका
गुलाब में नए और बड़े फूल पाने के लिए समय – समय सूखी टहनियों और रोगग्रस्त शाखाओं को काट कर हटाना जरूरी होता है। छंटाई करने से पौधे को नई ऊर्जा मिलती है, जिससे नई टहनियों और कलियों का विकास होता है।
हल्की छंटाई (Soft Pruning):
साल में किसी भी समय जब कोई फूल सूख जाए, तो उसके ठीक नीचे की तीन-चार पत्तियों को छोड़कर टहनी को काट दें (इसे डेडहेडिंग कहते हैं)। इससे वहाँ से तुरंत नई कलियाँ निकलने लगेंगी।
भारी छंटाई (Hard Pruning):
गुलाब में भारी छंटाई साल में एक ही बार करना चाहिए। उत्तर और मध्य भारत में अक्टूबर से नवंबर का महीना छंटाई के लिए सबसे अच्छा होता है, जब हल्की ठंड शुरू होती है। पौधे की सूखी, बीमार और आपस में उलझी हुई टहनियों को 45-डिग्री के कोण (Angle) पर काटें, जिससे कटे हुए हिस्से पर पानी न रुके। इससे तने के सड़ने या फंगस लगने का खतरा कम होता है। छंटाई के बाद कटे हुए हिस्से पर फंगसाइड पाउडर या हल्दी लगा दें ताकि फंगस न लगे। कटर हमेशा साफ़ होना चाहिए, छंटाई से पहले कटर को आइसोप्रोपिल अल्कोहल (Rubbing Alcohol) या सामान्य लिक्विड हैंड सैनिटाइज़र को कॉटन (रूई) पर लें और कटर के दोनों ब्लेड को अच्छी तरह पोंछ लें। जिससे एक पौधे की बीमारी या फंगस दूसरे पौधे में न फैले।
7. प्रमुख कीट (Insects) और बीमारियां (Diseases)
गुलाब के पौधे पर कीड़े और फंगस का हमला बहुत जल्दी होता है। अगर समय पर ध्यान न दिया जाए, तो पौधा सूख जाता है।
थ्रिप्स और एफिड्स (Thrips & Aphids):
ये छोटे-छोटे हरे या काले रंग के कीड़े होते हैं जो नई कोमल पत्तियों और कलियों का रस चूस लेते हैं, जिससे पत्तियां मुड़ जाती हैं। कलियां पूरी तरह खिल नहीं पातीं और पंखुड़ियां किनारों से जली हुई दिखती हैं। एफिड्स एक चिपचिपा पदार्थ (Honeydew) छोड़ते हैं, जिससे चींटियां आकर्षित होती हैं और पत्तियों पर काली फंगस (Sooty Mold) जम जाती है।
• बचाव का तरीका: 1 लीटर गुनगुने पानी में 5 मिली नीम का तेल और 3-4 बूंदें लिक्विड डिश सोप मिलाकर अच्छी तरह हिलाएं और इसे हर 7-10 दिनों में शाम के समय पौधे की पत्तियों के ऊपर और नीचे अच्छे से स्प्रे करें। ऑर्गेनिक तरीकों से कीटों को नियंत्रित करना मुश्किल हो तो आप रासायनिक कीटनाशक का प्रयोग पैकेट पर लिखे निर्देशों के अनुसार करें।
डाईबैक बीमारी (Dieback Disease):
डाईबैक गुलाब के पौधे में होने वाली एक गंभीर बीमारी है, जिसमें पौधे के ऊपरी हिस्से (टहनियों या पत्तियों के सिरों) से सूखना शुरू होकर नीचे की तरफ बढ़ता है। धीरे – धीरे पूरा पौधा काला पड़ जाता है, अगर समय पर इलाज न किया जाए तो पूरा पौधा सूख कर मर जाता है।

• बचाव का तरीका: काली पड़ चुकी टहनी को नीचे के हरे और स्वस्थ हिस्से से 2 इंच नीचे से (तिरछा) काट कर हटा दें और कटे हुए भाग पर साफ फंगसाइड या घर की शुद्ध हल्दी का लेप तुरंत लगा दें ताकि फंगस आगे न फैले।
गुलाब के लिए कुछ और ज़रूरी बोनस टिप्स (Bonus Tips)
• गमले की गुड़ाई:
महीने में कम से कम दो बार गमले की ऊपरी मिट्टी की हल्की गुड़ाई (1-2 इंच गहरी) ज़रूर करें। इससे भुरभुरी बनती है और जड़ों तक ऑक्सीजन सही मात्रा में पहुँचती है जिससे फंगस का खतरा कम होता है।
• मल्चिंग (Mulching):
यदि गर्मियों के मौसम में आपके यहाँ तेज़ धूप और लू चलती है, तो गमले की मिट्टी के ऊपर सूखी पत्तियों या राइस हस्क (चावल की भूसी) की एक परत बिछा दें। इससे मिट्टी जल्दी गर्म नहीं होती और नमी लंबे समय तक बनी रहती है।
• बीमार पत्तियों को हटाना:
यदि पौधे के निचले हिस्से में कोई पत्ती पीली या काली होकर गिर रही हो, तो उसे गमले में सड़ने के लिए न छोड़ें। उन्हें तुरंत उठाकर फेंक दें, क्योंकि गमले में गिरी पत्तियाँ ही सड़ने के बाद फंगस की सबसे बड़ी वजह बनती हैं।
इसे भी पढ़ें: [सर्दियों में बगीचे को महकाने वाले टॉप 20 फूलों की लिस्ट (https://gardeningpoint.in/sardiyon-mein-lagaye-jane-wale-phool/)]
निष्कर्ष (Conclusion)
गुलाब का पौधा दिखने में जितना खूबसूरत है, इसे उतनी ही देखभाल की भी ज़रूरत होती है। हालांकि गुलाब के पौधे की देखभाल इतनी भी मुश्किल नहीं है, यदि आप इसे रोज़ाना 5 से 6 घंटे की अच्छी धूप देते हैं, मौसम और जरूरत के अनुसार पानी और खाद देते हैं, समय पर इसकी छंटाई करते हैं, तो आपका गुलाब का पौधा सालों-साल फूलों से भरा रहेगा। शुरुआत में आने वाले छोटे-मोटे कीटों और डाईबैक जैसी बीमारियों से घबराएं नहीं, बल्कि समय पर उनसे बचाव का सही तरीका अपनाएं। थोड़ी सी लगन और सही देखभाल आपके बगीचे को रंग-बिरंगे फूलों से भर देगी।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)
सर्दियों में फूलों के पौधे लगाने का सही समय कब है?
इसके दो मुख्य कारण हो सकते हैं। पहला, पौधे को पर्याप्त धूप नहीं मिल रही है। दूसरा, मिट्टी में नाइट्रोजन की मात्रा ज्यादा है जिससे सिर्फ पत्तियाँ बढ़ रही हैं, लेकिन फॉस्फोरस (Phosphorus) जैसे पोषक तत्वों की कमी है जो पौधे पर कलियां बनने के लिए ज़रूरी हैं। इसके उपाय के लिए पौधे को रोज़ाना 5-6 घंटे की सीधी धूप में रखें और मिट्टी में नाइट्रोजन वाली खाद कम करके फॉस्फोरस से भरपूर खाद जैसे बोनमील (Bone Meal) या डीएपी (DAP) देना चाहिए।
सर्दियों में फूलों के पौधे लगाने का सही समय कब है?
नहीं, यह गलती बिल्कुल न करें। नर्सरी से लाने के बाद पौधे को 3-4 दिन अपने घर के माहौल में सेट होने दें। इसके बाद उसे शुरुआत में सिर्फ 6 से 8 इंच के छोटे गमले में ही लगाएं। जब पौधा थोड़ा बड़ा हो जाए और उसकी जड़ें मजबूत हो जाएं (लगभग 2-3 महीने बाद), तब उसे 10 या 12 इंच के बड़े गमले में शिफ्ट करें। लाते ही बड़े गमले में लगाने से पौधा शॉक में जा सकता है या ओवर-वॉटरिंग से मर सकता है।
क्या घर में इस्तेमाल की हुई चायपत्ती को सीधे गुलाब के पौधे में डाल सकते हैं?
इस्तेमाल की हुई चायपत्ती गुलाब के लिए बेहतरीन खाद (Rose Booster) है, लेकिन इसे सीधे मिट्टी में नहीं डालना चाहिए। चायपत्ती में मौजूद चीनी और दूध के अंश से मिट्टी में फंगस या चींटियाँ लग सकती हैं। इसलिए चायपत्ती को इस्तेमाल के बाद पानी से अच्छी तरह धो लें, धूप में पूरी तरह सुखा लें और फिर हर 15 दिन में एक चम्मच गमले की मिट्टी में मिलाएं। यह फूलों का आकार बड़ा करने में बहुत मदद करती है।

